अबोहर। अबोहर में बुधवार रात गली नं 12 में सरेआम पैदल जा रहे एक युवक से बाइक सवार दो लुटेरे तलवार की नोक पर मोबाइल छीनकर फरार हो गए। लुटेरों के हौंसले इतने बुलंद हैं कि पीड़ित द्वारा फोन करने पर लुटेरे बोले कि 5 हजार रुपए ऑनलाइन पेमेंट करो और फोन ले लो। जिसे सुनकर हर कोई हैरान और डरा हुआ है।
पीड़ित संजीव कुमार ने बताया कि वह श्रीगंगानगर में काम करता है और पैदल बाजार नं 12 से रात को काम कर घर जा रहा था कि रास्ते में दो युवक, जिनमें से बाइक पर सवार था और दूसरे युवक ने तलवार की नोक पर उससे मोबाइल झपटा और बाइक सवार साथी के साथ फरार हो गया। उसने लुटेरों का पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आए।
पीड़ित ने बताया कि इसके बाद जब उसने अपने मोबाइल पर कॉल किया तो लुटेरों ने बिना किसी डर के फोन उठाया और 5000 रुपयों की मांग की। लुटेरों ने कहा कि वह उन्हें 5000 ऑनलाइन भेज दे। वह जिस लोकेशन पर कहेगा, उसका मोबाइल उसे वापस दे जाएंगे। युवक ने बताया कि लुटेरे को उसने मोबाइल पर कहा कि वह कैश पेमेंट देने को तैयार है, लेकिन लुटेरे नहीं माने।
जब इस संबंध में पुलिस अधिकारियों से बात की तो उन्होंने कहा कि यह मामला उनके ध्यान में हैं। कुछ लोगों को ट्रेस किया गया है। मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही इसमें खुलासा किया जाएगा।
0 Comments